पुणे के जेजुरी में आषाढ़ी वारी के दौरान बड़ा हादसा, वारकरियों की टोली में घुसा बेकाबू ट्रक; तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत

पुणे | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
जिले के जेजुरी से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। जेजुरी के निकट भोंगळे मळा क्षेत्र में आषाढ़ी वारी के दौरान वारकरियों की दिंडी (श्रद्धालुओं की टोली) में एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक घुस गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन महिला वारकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, वारकरी भोंगळे मळा क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी अचानक एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई श्रद्धालु सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद आसपास के लोगों और अन्य वारकरियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा चालक के वाहन पर से नियंत्रण खोने के कारण हुआ या फिर किसी तकनीकी खराबी की वजह से। मामले की विस्तृत जांच जारी है।