औरंगाबाद में CJP की दो दिवसीय अहम बैठक, 6 अगस्त को बड़े फैसले की संभावना

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर सक्रिय हो गई है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के औरंगाबाद स्थित निवास पर 5 और 6 अगस्त को दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है।
दिल्ली से CJP की प्रमुख टीम औरंगाबाद पहुंच चुकी है। इस बैठक में युवाओं के आंदोलन की आगामी रणनीति और झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर अहम चर्चा होगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 6 अगस्त को इन मुद्दों पर बड़ा फैसला और आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
बैठक में पार्टी के प्रमुख नेता आशुतोष रांका, सौरव दास सहित अन्य वरिष्ठ सहयोगी मौजूद हैं। CJP के सात प्रमुख सदस्य और आंदोलन से जुड़े अन्य कार्यकर्ता भी इस रणनीतिक बैठक में भाग ले रहे हैं।
आगे की रणनीति पर होगा मंथन
CJP के नेता सौरव दास ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 5 और 6 अगस्त को होने वाली इस बैठक में पार्टी के सभी प्रमुख पदाधिकारी और प्रवक्ता शामिल हैं। दो दिनों तक संगठन की आगामी रणनीति, युवाओं के आंदोलन की दिशा और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि युवाओं के इस व्यापक आंदोलन को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाए, इसका विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा। बैठक के निष्कर्ष और अंतिम निर्णय 6 अगस्त को मीडिया के सामने घोषित किए जाएंगे।
झारखंड के छात्र आंदोलन को समर्थन
सौरव दास ने कहा कि झारखंड में आंदोलन कर रहे छात्रों को CJP का पूरा और स्पष्ट समर्थन है। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका ने भी झारखंड के छात्र आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।
