ईद मिलादुन्नबी जुलूस मार्ग की तत्काल मरम्मत की मांग, अल-मदीना फाउंडेशन ने नगर परिषद को सौंपा ज्ञापन

बुलढाणा | आबिद लाला
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस (शोभायात्रा) के मुख्य मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने की मांग को लेकर अल-मदीना फाउंडेशन के अध्यक्ष नदीम शेख ने नगर परिषद के मुख्याधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि तेलुगु नगर से टीपू सुल्तान चौक, बगीचा क्षेत्र स्थित पानी की टंकी वाली गली तथा राजा मेंबर के घर से मिर्जा नगर जाने वाले मार्ग पर नई पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए कई दिनों से सड़क खोदी गई है। पाइपलाइन का कार्य धीमी गति से चलने के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह दोनों सड़कें मुख्य मार्ग हैं। खराब सड़क के कारण स्कूल बसें भी बच्चों को लेने के लिए क्षेत्र में नहीं आ पा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अल-मदीना फाउंडेशन ने बताया कि आगामी 27 अगस्त को पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब की 1501वीं जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और मुख्य जुलूस (शोभायात्रा) भी इसी मार्ग से गुजरता है।
फाउंडेशन ने मांग की है कि पाइपलाइन का कार्य जल्द से जल्द पूरा कर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि जुलूस और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन पर अल-मदीना फाउंडेशन के अध्यक्ष नदीम शेख, असीफ हुसैन और ऐतेशार खान के हस्ताक्षर हैं।
