Breaking NewsMaharashtra

महाराष्ट्र में SIR का नया कार्यक्रम जारी: BLO का घर-घर सत्यापन 17 अगस्त तक, अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर को होगी प्रकाशित

जालना | कादरी हुसैन

भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) कार्यक्रम में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, महाराष्ट्र के अनुरोध पर जारी इस संशोधित कार्यक्रम के तहत अब बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का घर-घर सर्वे और मतदाता सत्यापन अभियान 17 अगस्त 2026 तक चलेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचन सदन, नई दिल्ली से 4 अगस्त 2026 को जारी पत्र क्रमांक 23/2026-ERS (Vol.-II) के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि (Qualifying Date) मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण की संशोधित समय-सारिणी लागू की गई है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन, आवश्यक दस्तावेजों का संग्रह और अन्य संबंधित कार्य 30 जून से 17 अगस्त 2026 तक किए जाएंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्था की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

इसके बाद 24 अगस्त 2026 को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित होगी। प्रारूप सूची जारी होने के बाद नागरिक 24 अगस्त से 23 सितंबर 2026 तक अपने नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरणों में संशोधन, नाम जोड़ने या हटाने से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।

दावे और आपत्तियों की जांच, सुनवाई तथा उनका निस्तारण 24 अगस्त से 22 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 27 अक्टूबर 2026 को महाराष्ट्र की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य के सभी निर्वाचन अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी इस संशोधित कार्यक्रम की जानकारी लिखित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो या नाम जोड़ना, हटाना अथवा संशोधित कराना हो तो निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में सही जानकारी शामिल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button