मां ने पूछा- स्कूल क्यों नहीं जा रहे? कुछ देर बाद 14 वर्षीय छात्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला

नागपुर | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
नागपुर जिले के कामठी क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मां द्वारा स्कूल नहीं जाने का कारण पूछे जाने के कुछ घंटों बाद 14 वर्षीय छात्र का शव नागपुर-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर मिला। प्रारंभिक जांच में ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका जताई गई है। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृत छात्र की पहचान मोहम्मद निहाल शफी शेख (14), निवासी शहीदनगर, रनाला, तहसील कामठी के रूप में हुई है। वह कामठी के एक स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था। जानकारी के अनुसार, वह पिछले आठ दिनों से स्कूल नहीं जा रहा था।
मंगलवार सुबह उसकी मां ने उससे पूछा कि वह स्कूल क्यों नहीं जा रहा है। इसके बाद निहाल ने घर पर शांतिपूर्वक भोजन किया और बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया। शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
परिजनों और रिश्तेदारों ने पूरी रात गांव और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह फिर से खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान रनाला क्षेत्र से गुजरने वाले नागपुर-हावड़ा रेलवे मार्ग पर एक किशोर का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मोहम्मद निहाल शफी शेख के रूप में की। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कामठी उपजिला अस्पताल भेज दिया।
कामठी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक विकास तिडके कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
