Breaking NewsCrime NewsJalna

ठिबक सिंचाई योजना की रिपोर्ट ऑनलाइन भेजने के लिए ₹17,500 की रिश्वत लेते अंबड के उप कृषि अधिकारी ACB के जाल में

जालना | कादरी हुसैन

जालना जिले के अंबड तालुका में नानाजी देशमुख कृषि संजीवनी परियोजना के अंतर्गत ठिबक सिंचाई योजना की मौका जांच रिपोर्ट ऑनलाइन भेजने के एवज में ₹17,500 की रिश्वत लेते हुए उप कृषि अधिकारी (सुपरवाइजर) को जालना एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी की पहचान विश्वनाथ लक्ष्मण गावीत (43), उप कृषि अधिकारी (सुपरवाइजर), तालुका कृषि अधिकारी कार्यालय, अंबड, जिला जालना के रूप में हुई है।

एसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता 33 वर्षीय किसान होने के साथ-साथ कृषि सामग्री विक्रेता भी है। उसके गांव में शासन की नानाजी देशमुख कृषि संजीवनी परियोजना लागू है। इस योजना के तहत शिकायतकर्ता की मां, भाई, भाई की पत्नी तथा स्वयं के नाम पर कुल 4 हेक्टेयर 8 आर कृषि भूमि में ठिबक सिंचाई संच लगाने के लिए तालुका कृषि अधिकारी कार्यालय, अंबड से पूर्व अनुमति प्राप्त हुई थी।

अनुमति मिलने के बाद शिकायतकर्ता ने अपने खेत में ठिबक सिंचाई प्रणाली स्थापित कर उसकी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दी। जुलाई 2026 के दौरान आरोपी अधिकारी विश्वनाथ गावीत ने खेत का तीन बार मौका निरीक्षण किया, लेकिन निरीक्षण रिपोर्ट संबंधित उपविभागीय कृषि अधिकारी कार्यालय को ऑनलाइन नहीं भेजी।

आरोप है कि 28 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता ने फोन पर आरोपी से शेष निरीक्षण पूरा कर रिपोर्ट ऑनलाइन भेजने का अनुरोध किया। इसी दौरान आरोपी ने रिपोर्ट ऑनलाइन अग्रेषित करने के बदले ₹17,500 रिश्वत की मांग की।

इसके बाद शिकायतकर्ता ने 6 अगस्त 2026 को जालना एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की प्राथमिक जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।

7 अगस्त 2026 को सुबह 10:34 बजे से 11:00 बजे के बीच अंबड तहसील के पाणेगांव स्थित श्री आसाराम लक्ष्मणराव आव्हाने के खेत परिसर में आरोपी विश्वनाथ गावीत ने शिकायतकर्ता से ₹17,500 की रिश्वत स्वीकार की। उसी समय पहले से तैनात एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम सहित रंगेहाथ हिरासत में ले लिया।

इस मामले में अंबड पुलिस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद आरोपी की विधिवत गिरफ्तारी की जाएगी।

यह कार्रवाई एसीबी जालना के पुलिस उप अधीक्षक बी. एस. जाधवर के नेतृत्व में की गई। ट्रैप टीम में पुलिस हेड कांस्टेबल गजानन घायवाट, मनोहर भुतेकर, संदीप लहाने तथा चालक भालचंद्र बिनोरकर शामिल थे।

पूरी कार्रवाई एसीबी छत्रपति संभाजीनगर की पुलिस अधीक्षक माधुरी केदार कांगणे तथा अपर पुलिस अधीक्षक शशिकांत सिंगारे के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button