जालना में अवैध बूचड़खाने पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 गोवंशीय पशु मुक्त, ₹1.77 लाख का मुद्देमाल जब्त

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर के नेशनलनगर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित बूचड़खाने पर चंदनझिरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मौके से 136 किलोग्राम गोमांस, वध में प्रयुक्त सामग्री सहित कुल ₹1,77,000 का मुद्देमाल जब्त किया, जबकि पांच गोवंशीय पशुओं को मुक्त कर गौशाला भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को चंदनझिरा पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे को गुप्त सूचना मिली थी कि गुलशननगर स्थित नेशनलनगर क्षेत्र में गोवंशीय पशुओं को अवैध रूप से लाकर उनका वध किया जा रहा है तथा गोमांस बिक्री के लिए भेजा जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
छापे के दौरान टीन शेड में अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित होता मिला, जहां गोवंशीय पशुओं का वध किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 136 किलोग्राम गोमांस बरामद किया तथा वध में प्रयुक्त उपकरणों सहित कुल ₹1,77,000 का मुद्देमाल जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पांच छोटे-बड़े गोवंशीय पशु भी रस्सियों से बंधे मिले। पुलिस के अनुसार, पशुओं को पर्याप्त चारा-पानी उपलब्ध नहीं कराया गया था। सभी पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराकर गौशाला भेज दिया गया।
मामले में पुलिस ने शहानवाज बुढण कुरैशी (36), निवासी दाना बाजार, जालना तथा अरबाज बुढण कुरैशी (30), निवासी दाना बाजार, जालना को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में की गई।
छापेमारी में पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे, पुलिस उपनिरीक्षक देशमाने, पुलिस उपनिरीक्षक स्कॉट, पुलिस उपनिरीक्षक सैय्यद सहित चंदनझिरा पुलिस थाने के अधिकारी और कर्मचारियों ने भाग लिया।
