Breaking NewsCrime NewsJalna

जालना: राशन कार्ड शुरू करने के लिए 2 हजार की रिश्वत! एसीबी ने राशन दुकानदार को रंगेहाथ दबोचा

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर में बंद राशन कार्ड को दोबारा शुरू कर उस पर अनाज उपलब्ध कराने के बदले 2 हजार रुपये की रिश्वत मांगना एक राशन दुकानदार को भारी पड़ गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), जालना की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी राशन दुकानदार शैलेश जीवनलाल कक्कड़ को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को पुराने जालना के जय भवानी नगर स्थित स्वस्त धान्य दुकान क्रमांक 68 में की गई।

एसीबी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेश जीवनलाल कक्कड़ (48), निवासी शास्त्री मोहल्ला, पुराना जालना, तहसील एवं जिला जालना के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, 79 वर्षीय शिकायतकर्ता मजदूरी कर अपना परिवार चलाते हैं। उनका राशन कार्ड बंद था। इसे दोबारा शुरू कर उस पर राशन उपलब्ध कराने के लिए आरोपी दुकानदार ने उनसे 2 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने 15 सितंबर को जालना एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने उसी दिन मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पंचों की मौजूदगी में आरोपी द्वारा बंद राशन कार्ड शुरू करने और उस पर अनाज उपलब्ध कराने के लिए 2 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

मंगलवार को करीब 11:12 बजे शिकायतकर्ता से 2 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते ही एसीबी की टीम ने आरोपी शैलेश कक्कड़ को दबोच लिया। उसके पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई।

मामले में कदीम जालना पुलिस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

यह कार्रवाई पुलिस उपअधीक्षक बी. एस. जाधवर, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जालना के नेतृत्व में की गई। सापला दल में पुलिस हेड कांस्टेबल गजानन घायवट, पुलिस कांस्टेबल मनोहर भुतेकर, गणेश चेके, अमोल चेके, शिवलिंग खुळे तथा चालक पुलिस हेड कांस्टेबल भालचंद्र बिनोरकर शामिल रहे।

कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, छत्रपति संभाजीनगर की पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी केदार कांगणे और अपर पुलिस अधीक्षक शशिकांत सिंगारे के मार्गदर्शन में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button