जालना: पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंत, लक्कड़कोट में महिला की हत्या; पति ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर के लक्कड़कोट इलाके में शनिवार रात पारिवारिक विवाद के बीच 32 वर्षीय महिला की हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मृतका की पहचान आफरीन नईमोद्दीन काजी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की हत्या का आरोप उसके पति नईमोद्दीन काजी पर है। घटना के बाद आरोपी पति स्वयं सदर बाजार पुलिस थाने पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि आफरीन और उनके पति के बीच पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक कारणों को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार रात करीब 8 बजे के आसपास विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। इसी दौरान आफरीन पर कथित तौर पर हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई।
आफरीन के दो छोटे बेटे और एक बेटी है। बताया गया है कि उनकी बेटी का विवाह महज 15 दिन पहले ही हुआ था। ऐसे में इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद नईमोद्दीन काजी स्वयं सदर बाजार पुलिस थाने पहुंचा और पुलिस के सामने पेश हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी आनंद कुलकर्णी, सदर बाजार पुलिस निरीक्षक संदीप भारती, डीबी टीम प्रमुख सचिन सानप सहित पुलिस दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया। वहीं, घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस अब कई पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पति-पत्नी के बीच विवाद का वास्तविक कारण क्या था, घटना के समय दोनों के बीच क्या हुआ, हत्या में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया और घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी या नहीं—इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस घटना के बाद लक्कड़कोट इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर नागरिकों की भीड़ जमा हो गई थी।
