जालना बसस्थानक परिसर के लॉज में युवक का शव! हाथ में सलाइन, पास में शराब और जहरीली दवा की बोतल

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर के बसस्थानक परिसर स्थित एक निजी लॉज में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लॉज के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया।
कमरे के अंदर एक युवक औंधे मुंह मृत अवस्था में मिला। हैरानी की बात यह थी कि मृत युवक के हाथ में सलाइन लगी हुई थी, जबकि सलाइन की बोतल कटी हुई अवस्था में मिली। वहीं, पास की टेबल पर शराब की एक बोतल और जहरीली दवा की बोतल भी पुलिस को मिली।
घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान निवृत्ती बाबूजी फरताडे, निवासी तुपेवाड़ी, बावणे पांगरी के रूप में हुई है।
घटना के बाद सदर बाजार पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जालना शहर के शासकीय सामान्य अस्पताल भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई घातपात है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही निवृत्ती बाबूजी फरताडे की मौत का वास्तविक कारण सामने आएगा। मामले की जांच सदर बाजार पुलिस द्वारा की जा रही है।
