सौर ऊर्जा परियोजना से 40 लाख रुपये की केबल चोरी का पर्दाफाश; तीन आरोपी गिरफ्तार, चंदनझिरा पुलिस की कार्रवाई

जालना/कादरी हुसैन
जालना तालुका के राजूर रोड स्थित घाणेवाड़ी जलाशय के पास निर्माणाधीन सौर ऊर्जा परियोजना से करीब 40 लाख रुपये कीमत की तांबे की डीसी केबल चोरी होने के मामले का चंदनझिरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 32 किलो केबल तथा चोरी के लिए इस्तेमाल की गई एक ऑटो रिक्शा समेत कुल 2 लाख 63 हजार 400 रुपये का माल बरामद किया गया है। मामले में दो आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
घाणेवाड़ी जलाशय के पास सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने का काम तेजी से चल रहा है। परियोजना के लिए आवश्यक मशीनरी और केबल क्षेत्र में लाकर उनकी फिटिंग का काम किया जा रहा था। सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद अगस्त महीने में चोरों ने करीब 40 लाख रुपये कीमत की तांबे की डीसी केबल चोरी कर ली थी। परियोजना के सुपरवाइजर की शिकायत पर चंदनझिरा पुलिस थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम साळी ने पुलिस अधिकारियों को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच तथा गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान रोहित भाऊसाहेब डकले (24), निवासी घाणेवाड़ी, साहीलखॉन जब्बारखॉन (19), निवासी संजय नगर, जालना, शेख नाजिम शेख ख्वाजा (41), निवासी दुखी नगर, जालना, शिवाजी दगडू पवार, निवासी घाणेवाड़ी तथा लक्ष्मण जाधव, निवासी घाणेवाड़ी के इस चोरी में शामिल होने की जानकारी सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने 21 सितंबर 2026 को जालना शहर के विभिन्न स्थानों से रोहित डकले, साहीलखॉन जब्बारखॉन और शेख नाजिम शेख ख्वाजा को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने पर अदालत ने उन्हें पांच दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस कस्टडी के दौरान आरोपियों से चोरी की गई केबल में से 38 हजार 400 रुपये कीमत की 32 किलो केबल तथा चोरी में इस्तेमाल की गई 2 लाख 25 हजार रुपये कीमत की ऑटो रिक्शा बरामद की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 2 लाख 63 हजार 400 रुपये का माल जब्त किया है।
इस मामले में आरोपी शिवाजी दगडू पवार और लक्ष्मण जाधव फरार हैं। चंदनझिरा पुलिस द्वारा दोनों की तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया अन्य माल बरामद करने के साथ ही उनके द्वारा किए गए अन्य अपराधों का भी खुलासा करने की कार्रवाई की जाएगी, ऐसी जानकारी पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे ने दी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक किरण बिडवे, पुलिस उपनिरीक्षक कृष्णा शिंदे, पुलिस हेड कांस्टेबल प्रशांत देशमुख, कृष्णा तंगे, राजेंद्र पवार, अभिजीत वायकोस, जोहरसिंग कलाणी, पुलिस कांस्टेबल सागर खैरे तथा स्थानीय अपराध शाखा के सागर बावस्कर और दत्ता वाघुंडे की टीम ने की।
