Breaking NewsCrime NewsDelhi

देवर के प्यार में पागल पत्नी ने पति को नींद की गोली और करंट देकर उतारा मौत के घाट, हत्या का खुलासा चैट्स से

दिल्ली के द्वारका क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने चचेरे देवर के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोपी पत्नी और उसका प्रेमी देवर इस साजिश में शामिल पाए गए हैं, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

मृतक की पहचान करण देव के रूप में हुई है, जिसकी मौत 13 जुलाई को करंट लगने की वजह से बताई गई थी। उसे उत्तम नगर के माता रूपरानी मग्गो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। शुरुआत में यह मामला दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन मृतक के छोटे भाई कुणाल देव द्वारा पुलिस को कुछ संदेहास्पद चैट्स सौंपे जाने के बाद मामला हत्या में बदल गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि करण की पत्नी का उसके चचेरे देवर से प्रेम संबंध था। दोनों ने करण को रास्ते से हटाने के लिए एक खौफनाक साजिश रची। उन्होंने पहले करण को खाने में 15 नींद की गोलियां दीं और जब वह बेहोश हो गया, तो उसे करंट देकर मार डाला। इसके बाद पत्नी ने परिवारवालों को बताया कि करण की तबीयत खराब हो गई है।

करण के मोबाइल से मिली चैट्स और गूगल सर्च हिस्ट्री से पता चला कि आरोपी पहले से हत्या की योजना बना रहे थे और नींद की गोलियों से मौत की संभावनाओं को गूगल पर सर्च कर चुके थे।

पूछताछ में पत्नी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि करण अक्सर उसके साथ दुर्व्यवहार करता था, उससे पैसे मांगता था और करवाचौथ से एक दिन पहले उसे थप्पड़ भी मारा था।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। द्वारका के डीसीपी अंकित सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब इस हत्या से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button