गडचिरोली में बड़ा हादसा: बाइक शोरूम की इमारत का हिस्सा गिरने से 3 की मौत, 3 घायल

गडचिरोली जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। आरमोरी में स्थित एक दोपहिया वाहन के शोरूम में इमारत का कुछ हिस्सा गिर गया, जिसमें 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए। घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में शोरूम को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना गडचिरोली जिले के आरमोरी में हुई। करीब 50 साल पुरानी इस इमारत में हिरो कंपनी का बाइक शोरूम था। रक्षाबंधन के एक दिन पहले शोरूम में ग्राहकों की भीड़ थी। शाम करीब 6 बजे अचानक पीछे की दीवार और स्लैब का कुछ हिस्सा टूटकर वहां मौजूद दो कर्मचारियों और एक ग्राहक पर गिर गया।
अचानक हुई इस दुर्घटना से शोरूम में अफरा-तफरी मच गई। स्लैब के मलबे के नीचे दबने से तीनों की मौके पर मौत हो गई। अन्य कर्मचारियों ने तुरंत दौड़कर मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इमारत की जर्जर हालत को इस हादसे की वजह बताया जा रहा है।
इस दुर्घटना में शोरूम में खड़ी कई नई मोटरसाइकिलें भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का काम शुरू किया। इस हादसे से इलाके में शोक की लहर है।
