Breaking NewsCrime NewsPune

सोते हुए दोस्त के सिर पर लोहे की रॉड से वार! पुणे में नशे में धुत युवक ने रची हत्या की खौफनाक साजिश

पुणे के काळेपडळ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने ही मित्र की लोहे की रॉड से सिर पर वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी गढ़ी कि चार अज्ञात लोगों ने उसके दोस्त की हत्या कर दी। लेकिन पुलिस ने महज दो घंटे में पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक का नाम किसन राजमंगल सहा (20) है, जो बिहार का निवासी है और फिलहाल पुणे के काळेपडळ इलाके में रह रहा था। मृतक युवक की पहचान रविकुमार शिवशंकर यादव के रूप में हुई है।

शनिवार की सुबह करीब 5 बजे किसन ने 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दी कि चार अज्ञात लोगों ने उसके दोस्त रविकुमार की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही काळेपडळ और मोहम्मदवाडी पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल साईगंगा सोसायटी के सामने एक टीन शेड में रविकुमार खून से लथपथ मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच के दौरान पुलिस को किसन के बयानों में कई विरोधाभास नजर आए। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन कहीं भी चार अज्ञात लोगों की कोई गतिविधि नजर नहीं आई। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि मृतक और आरोपी के बीच पहले भी मामूली झगड़े हो चुके थे।

कड़ाई से पूछताछ करने पर किसन ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि शराब के नशे में रविकुमार ने उसकी मां और बहन को लेकर गालियां दी थीं और पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुका था। इसी रंजिश के चलते उसने रविकुमार के सोते समय लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button