Breaking NewsCrime NewsMumbai

तळोजा में खून का तांडव: गेराज विवाद ने ली हिंसक शक्ल, सड़क पर चाकू-रॉड से हमला, चार युवक लहूलुहान

नवी मुंबई के तळोजा इलाके में गेराज तोड़े जाने के पुराने विवाद के चलते दो गुटों में हुई हिंसक मारपीट में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना 8 अगस्त की दोपहर करीब ढाई बजे फरहान हार्डवेयर के सामने मन्नान कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते पर हुई। घटना के बाद तळोजा गांव में तनाव का माहौल है।

धारदार हथियारों से हमला
पुलिस के अनुसार, रौफ रजाक पटेल (60) के साथ अफनान पटेल, सफवान पटेल, नवमान मुनाफ पटेल और 8-10 अन्य लोगों ने सय्यद परिवार के चार युवकों पर धारदार चाकू, लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों से हमला किया। इस हमले में राफेल हनीफ सय्यद, सैफ हनीफ सय्यद, सलमान सुफियान सय्यद और सफवान करीम तिदारे गंभीर रूप से घायल हो गए।

झगड़ा सुलझाने पहुंचे नौफिल हनीफ सय्यद को भी हमलावरों ने पीटा और धमकाया। सीडको के अतिक्रमण विभाग ने सय्यद परिवार के मोटर रिपेयर गेराज पर तीन बार कार्रवाई करते हुए उसे तोड़ दिया था। इस गेराज के खिलाफ रौफ पटेल सहित कुछ लोगों ने शिकायत की थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इसी पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने हमला किया।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार
हमले की जानकारी मिलते ही तळोजा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। पुलिस ने मौके से स्टील के चाकू का कवर बरामद किया। रौफ रजाक पटेल को उसी रात गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। तळोजा पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 324, 141, 143, 148, 149, 504, 506, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button