Breaking NewsMumbai

मुंबई धमकीकांड: अश्विनी कुमार ने खुद को ‘फिरोज’ बताकर दी 400 किलो आरडीएक्स उड़ाने की धमकी, नोएडा से गिरफ्तार

मुंबई: अनंत चतुर्दशी पर मुंबई को दहलाने की धमकी देने वाला आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है। मुंबई पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही नोएडा से अश्विनी कुमार सुप्रा को गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि धमकी भरे संदेशों में आरोपी ने अपना नाम “फिरोज” बताया था और खुद को पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन ‘लश्कर-ए-जिहादी’ का सदस्य बताया था।

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से बिहार निवासी अश्विनी कुमार पिछले पांच साल से नोएडा में रह रहा था और खुद को ज्योतिषी बताता था। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे मुंबई ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर भेजे गए संदेश में उसने दावा किया कि शहर में 34 गाड़ियों में ह्यूमन बम लगाए गए हैं, जिनमें 400 किलो आरडीएक्स का इस्तेमाल किया गया है। धमकी में यह भी कहा गया कि करीब एक करोड़ लोग इसकी चपेट में आएंगे और 14 आतंकी पहले ही मुंबई में घुस चुके हैं।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने धमकी के स्रोत का पता लगाते हुए नोएडा सेक्टर-79 स्थित सिविटेक स्टेडिया सोसायटी में छापेमारी की और आरोपी अश्विनी को गिरफ्तार किया। फिलहाल उसे मुंबई लाया जा रहा है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी ताकि उसके इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है, लेकिन इस बात की पूरी तरह जांच की जा रही है कि कहीं यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा तो नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button