औरंगाबाद में सनसनी! छावा संगठन के नेता की गला रेतकर बेरहमी से हत्या, गर्लफ्रेंड बनी मौत का सौदा

औरंगाबाद : पिछले 19 दिनों से लापता छावा संगठन के नेता की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। उनकी गला रेतकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 12 अगस्त को अहमदनगर जिले के शेवगांव तालुका के मुंगी गांव स्थित गोदावरी नदी के किनारे एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। जांच के बाद यह शव औरंगाबाद के छावा संगठन के शहर प्रमुख सचिन पुंडलिक औताडे (उम्र 32) का होने की पुष्टि हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि उनकी हत्या प्रेम प्रकरण के विवाद के चलते की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सचिन औताडे 31 जुलाई से लापता थे और उनके परिवार ने हर्सूल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच में यह मामला संदिग्ध मौत का लग रहा था, लेकिन स्थानीय अपराध शाखा की जांच में खुलासा हुआ कि यह एक सुनियोजित हत्या थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि सचिन का प्रेम संबंध विवाद में फंस गया था। इसी कारण बुलढाणा निवासी दुर्गेश मदन तिवारी और भारती रविंद्र दुबे ने अपने साथी अफरोज खान की मदद से 31 जुलाई को सचिन को बुलाया और चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कार में डालकर उसकी और अन्य सबूतों की विल्हेवाट लगाने की कोशिश की गई।
बताया जाता है कि मृतक सचिन ने अपनी प्रेमिका से शादी करने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते यह वारदात हुई। इस मामले में पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक के भाई राहुल पुंडलिक औताडे की शिकायत पर शेवगांव थाने में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
