Breaking NewsCrime NewsMumbai

मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर होटल मालिक की बेरहमी से हत्या, मोबाइल चोरी के शक में हुआ था विवाद, सात आरोपी गिरफ्तार

पालघर: मुंबई-अहमदाबाद महामार्ग स्थित मालजीपाड़ा इलाके में रविवार रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब मोबाइल चोरी के शक को लेकर हुए झगड़े में एक होटल मालिक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

मृतक की पहचान अजित यादव के रूप में हुई है, जो ‘यादव होटल’ नाम से मालजीपाड़ा इलाके में ढाबा चलाते थे। बताया जा रहा है कि होटल में पहले काम कर चुका लल्ला अमर सिंह शनिवार रात अपने छह दोस्तों के साथ होटल में रुकने आया था। उसी रात कुछ लोगों के मोबाइल गायब हो गए, जिसके बाद अजित यादव ने शक के आधार पर लल्ला सिंह और उसके दोस्तों से पूछताछ की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई, जिसमें गुस्से में आकर अजित यादव ने लल्ला को थप्पड़ मार दिया।

इस अपमान को लल्ला सिंह ने दिल पर ले लिया और अगले दिन यानी रविवार शाम को वह अपने साथियों के साथ वापस होटल पहुंचा। मौका देखकर सभी ने मिलकर अजित यादव पर हमला बोल दिया। लल्ला सिंह ने लकड़ी की डंडे से यादव के सिर पर वार किया, वहीं शिवम यादव और महेश यादव ने उन पर कुर्सी फेंकी। इस हमले में होटल कर्मचारी कपिल यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जान बचाने के लिए अजित यादव ने भागने की कोशिश की, लेकिन भोला यादव और राजन मौर्य ने उन्हें पकड़ कर जमीन पर पटक दिया। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अजित यादव और कपिल यादव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह अजित यादव की मौत हो गई।

नायगांव पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button