औरंगाबाद: अमोल दूध डेयरी पर FDA का छापा, नकली घी और पनीर बनाने का भंडाफोड़

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
शहर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमआईडीसी चिकलठाणा स्थित “अमोल दूध डेयरी” पर छापा मारकर नकली “शुद्ध गाय का घी” और “एनालॉग पनीर” बनाने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर FDA की टीम ने सर्विस इंडस्ट्री प्लॉट नंबर C-45 स्थित दामोदर केदार के स्वामित्व वाली “अमोल दूध डेयरी” पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान परिसर से रिफाइंड सोयाबीन तेल के 10 से 12 नॉन-फूड ग्रेड बैरल बरामद हुए। जांच में खुलासा हुआ कि इसी तेल का उपयोग मिलावटी शुद्ध गाय का घी, क्रीम और एनालॉग पनीर तैयार करने में किया जा रहा था।
FDA ने मौके से लगभग 950 किलोग्राम मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 12 हजार 380 रुपये बताई गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि अमोल दूध डेयरी में तैयार किया गया मिलावटी घी और पनीर शहर की प्रसिद्ध “लक्ष्मी डेयरी” के तीन रिटेल स्टोर्स को सप्लाई किया जा रहा था। इसके बाद FDA की टीम ने टीवी सेंटर क्षेत्र, कामगार चौक क्षेत्र और दर्गा रोड स्थित श्रीराम चौक इलाके में संचालित लक्ष्मी डेयरी के तीनों स्टोर्स पर एक साथ छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान इन दुकानों से 41 किलोग्राम गाय के घी के नमूने लिए गए, जिनकी कीमत लगभग 29,300 रुपये है। संबंधित स्टॉक को भी जब्त कर लिया गया। सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
