Uttar Pradesh

प्रयागराज महाकुंभ: महिला चेंजिंग रूम में वीडियो बनाते पकड़ा गया बाबा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में आस्था के बीच एक शर्मनाक घटना सामने आई है। एक बाबा को महिलाओं के चेंजिंग रूम में वीडियो बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। घटना के बाद वहां मौजूद महिलाओं ने हंगामा किया और पुलिस को इसकी जानकारी दी।

कैसे पकड़ा गया बाबा?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला यूट्यूबर ने इस घटना का खुलासा किया है। वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी बताती हैं कि बाबा ने सफाई में कहा कि वह टॉयलेट करने गए थे। जब यूट्यूबर ने सवाल किया कि महिला चेंजिंग रूम में टॉयलेट? तो पुलिसकर्मी ने जवाब दिया कि बाबा यही दावा कर रहे थे।

वहीं, मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने बताया कि बाबा चेंजिंग रूम में नीचे से झांकते हुए नजर आए। एक महिला ने आरोप लगाया कि वह चेंजिंग रूम के फटे हुए कोने से झांक रहा था, जिसे पकड़कर उसने पीटा भी।

महाकुंभ में साधुओं की बढ़ती बदसलूकी

यह घटना कोई पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी महाकुंभ में साधुओं द्वारा ऐसी हरकतों के कई वीडियो सामने आ चुके हैं। हाल ही में एक बाबा को त्रिशूल लेकर किसी व्यक्ति को दौड़ाते हुए देखा गया था। वहीं, एक अन्य वीडियो में बाबा द्वारा एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया था।

प्रशासन की कड़ी नजर, सख्त कार्रवाई के निर्देश

महाकुंभ में बढ़ती ऐसी घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आरोपी बाबा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

महाकुंभ में आए लाखों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं धार्मिक माहौल को बिगाड़ने का काम कर रही हैं। प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने और ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button