मुंबई: चर्चगेट में युवक की पत्थर से पीटकर बेरहमी से हत्या, आरोपी फरार

मुंबई: दक्षिण मुंबई के भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाके चर्चगेट में 23 मई की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक अज्ञात व्यक्ति ने फुटपाथ पर सो रहे युवक के सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना मस्तकी कोर्ट बिल्डिंग के पास रात करीब 11:25 से 11:45 बजे के बीच हुई।
इस मामले में आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है। शिकायत शेयर मार्केट ब्रोकर हर्ष जयंतीलाल शाह (उम्र 31) ने दर्ज कराई है, जो जगदीश निवास, सैयद अब्दुल्ला ब्रेलवी रोड में रहते हैं।
मौके पर ही हो गई युवक की मौत
हर्ष शाह के मुताबिक, उन्होंने देखा कि एक अनजान शख्स ने एक युवक के सिर पर बड़े पत्थर से जोरदार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके को घेर लिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। घटनास्थल से खून से सना पत्थर, एक रुमाल और एक चप्पल बरामद की गई है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए जे.जे. अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने डॉग स्क्वाड की भी मदद ली, लेकिन फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।
सीसीटीवी और चश्मदीदों की तलाश
आजाद मैदान पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही इलाके में रहने वाले लोगों और राहगीरों से पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी पो.उप.नि. विक्रम मोहिते ने बताया कि आरोपी की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच है और वह दुबले-पतले शरीर का है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना के समय कोई संदिग्ध गतिविधि देखी हो या आरोपी की पहचान कर सके, तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
यह वारदात ऐसे इलाके में हुई है जहां कोर्ट बिल्डिंग सहित कई अहम संस्थान मौजूद हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
