औरंगाबाद में नशामुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, गांजा-गोली और गुटखा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
शहर को नशामुक्त करने के लिए पुलिस आयुक्त प्रविण पवार के मार्गदर्शन में अंमली पदार्थ विरोधी पथक (एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड) और जीन्सी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में आज दोपहर अचानक नॅशनल स्पेअर पार्ट एंड पंक्चर दुकान पर छापा मारकर पुलिस ने गांजा, नशे की गोलियां, चाकू और प्रतिबंधित पान मसाला गुटखा व सुगंधित तंबाकू बरामद किए। पुलिस ने कुल 24,042 रुपये का माल जब्त किया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम अजहर खान सरवर खान (38 वर्ष, निवासी बारी कॉलोनी, गली नं. 5, औरंगाबाद) और मुसा शेख (42 वर्ष, निवासी बायजीपुरा, औरंगाबाद) हैं। इनके खिलाफ जीन्सी पुलिस थाने में गु.नं. 251/2025 के तहत एनडीपीएस कानून 1985 की धारा 8(सी), 20(ब), 22(ए), 29 सहित भारतीय दंड संहिता की धारा 123 और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

छापे के दौरान पुलिस ने 22 हजार रुपये कीमत का गांजा जब्त किया। इसमें 127 छोटे प्लास्टिक पाउच में रखा गया करीब 1 किलो 159 ग्राम गांजा शामिल है। इसके अलावा कैप्सूल आकार की सफेद रंग की 160 गोलियां, 70 अन्य टैबलेट, तीन लोहे के चाकू, गोवा गुटखे की 44 पुड़िया, हिरा पान मसाला 62 पुड़िया, राजकमल पान मसाला 113 पुड़िया, आरके जालानी सुगंधित तंबाकू 90 पुड़िया और रॉयल 717 टोबैको की 63 पुड़िया भी बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, गांजा रखने के लिए ट्यूब का इस्तेमाल किया जा रहा था। फिलहाल आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक रविकिरण कदम के नेतृत्व में जारी है।
यह कार्रवाई औरंगाबाद पुलिस की नशा व अवैध कारोबार के खिलाफ गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
