Breaking NewsCrime NewsPune

पिंपरी चिंचवड़ में बिल्डर के घर पर सशस्त्र डकैती, हाथ बांधकर लूट ले गए लाखों का माल

पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड़ शहर में एक जाने-माने बिल्डर के घर पर हथियारों से लैस बदमाशों द्वारा डकैती की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शनिवार रात करीब 9 बजे चार से पांच डकैतों ने निगड़ी प्राधिकरण क्षेत्र में रहने वाले बिल्डर चंद्रभान छोटूराम अग्रवाल के घर में घुसकर धावा बोल दिया।

घटना के समय चंद्रभान अग्रवाल घर में अकेले थे और हॉल में बैठे हुए थे। दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर बदमाश भीतर घुस गए और उन्होंने पहले घर के नौकरों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद चंद्रभान अग्रवाल को भी हथियार दिखाकर बंधक बनाया और लाखों रुपये की नकदी व कीमती सामान लूट लिया।

इस बीच चंद्रभान अग्रवाल ने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को गैलरी में ले जाकर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और गैलरी से ही मदद के लिए चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे, लेकिन डकैतों के हथियारबंद होने की जानकारी मिलते ही कोई भीतर जाने की हिम्मत नहीं कर सका।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक सशस्त्र पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा, तब तक डकैत फरार हो चुके थे। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें चंद्रभान अग्रवाल हाथ बंधे होने की हालत में गैलरी से मदद के लिए चीखते हुए नजर आ रहे हैं।

रात भर अग्रवाल के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा और सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि डकैतों ने कितनी रकम या कितने मूल्य का सामान चुराया है। साथ ही यह भी पता नहीं चल सका है कि इस डकैती में किसका हाथ है और बदमाश कौन थे। पुलिस ने देर रात तक एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी रखी थी और आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button