शिवसेना शिंदे गुट के कद्दावर नेता का चौंकाने वाला फैसला, थामा भाजपा का दामन

महाराष्ट्र में आने वाले महीनों में होने वाले स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव को देखते हुए राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। महाविकास आघाड़ी और महायुति दोनों खेमों में सक्रियता बढ़ गई है। इसी बीच शिवसेना शिंदे गुट को सोलापुर जिले में बड़ा झटका लगा है।
शिवसेना शिंदे गुट के जिला संपर्क प्रमुख शिवाजी सावंत, जो राज्य के मंत्री और विधायक तानाजी सावंत के भाई हैं, ने पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि पार्टी के अंदरूनी गुटबाजी और राजनीति से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
दो दिनों के भीतर शिवाजी सावंत, पूर्व उपमहापौर दिलीप कोल्हे और कई अन्य पदाधिकारी उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में औपचारिक रूप से बीजेपी में प्रवेश करेंगे। इससे सोलापुर महानगरपालिका, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के मद्देनजर जिले में बीजेपी की ताकत और बढ़ जाएगी।
इस घटनाक्रम के बाद शिवसेना शिंदे गुट में नाराजगी की लहर और तेज हो गई है। गुट के जिला प्रमुख अमोल शिंदे ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा – “दिल्या घरी सुखी राहा” यानी “जहां जाओ, सुखी रहो।”
उन्होंने यह भी साफ किया कि शिवाजी सावंत और अन्य नेताओं का बीजेपी में शामिल होना उनका व्यक्तिगत निर्णय है। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं कि यह घटनाक्रम मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए बड़ा राजनीतिक झटका साबित हो सकता है।
