Breaking NewsCrime NewsRajasthan

दिल दहला देने वाली वारदात: आर्थिक तंगी से परेशान व्यक्ति ने की पत्नी और बच्चों की हत्या, फिर की आत्महत्या

उदयपुर के हिरणमगरी थाना क्षेत्र के प्रभात नगर में एक हंसता-खेलता परिवार पलभर में खत्म हो गया। 40 वर्षीय दिलीप चितारा ने आर्थिक संकट से परेशान होकर अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की हत्या कर खुद आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, दिलीप चितारा अपनी पत्नी अलका (37), बेटे खुश (6) और मनवीर (4) के साथ आंबाफला, प्रभात नगर सेक्टर-5 स्थित किराए के मकान में रहते थे। दिलीप ने पहले बच्चों को कोई जहरीला पदार्थ पिलाया, फिर पत्नी का गला घोंट दिया और आखिर में खुद पंखे से लटककर जान दे दी।

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दिलीप ने लिखा कि वह कोरोना के बाद से गहरे आर्थिक संकट में था और अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा। दिलीप की प्रभात नगर में एक जनरल स्टोर थी, जो किराए की थी। बताया जा रहा है कि उसकी आर्थिक स्थिति लंबे समय से खराब चल रही थी।

घटना का खुलासा तब हुआ जब मकान मालिक को दिनभर किरायेदार की कोई हलचल नजर नहीं आई। उन्होंने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देख सभी सन्न रह गए।

दिलीप के चाचा माणक चितारा ने बताया कि कुछ महीनों पहले दिलीप ने कर्ज का जिक्र किया था, लेकिन उसके बाद वह इस पर कभी खुलकर बात नहीं करता था। परिवार और समाज को झकझोर देने वाली यह घटना इस बात का उदाहरण है कि मानसिक और आर्थिक दबाव किसी भी व्यक्ति को कितना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर सकता है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी है। इलाके में मातम पसरा हुआ है और लोग इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button