वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ फिर शुरू होगी ‘तहफ्फुज-ए-अवकाफ’ मुहिम, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने बनाई नई रूपरेखा

नई दिल्ली। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ ‘तहफ्फुज-ए-अवकाफ’ मुहिम को दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। हाल ही में हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और देश में उत्पन्न हुई परिस्थितियों के कारण 16 मई तक सभी सार्वजनिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए थे, लेकिन अब बोर्ड ने आंदोलन को बहाल करते हुए देश के प्रमुख शहरों में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है।
बोर्ड के राष्ट्रीय प्रवक्ता और ऑल इंडिया तहफ्फुज-ए-अवकाफ कमेटी के संयोजक डॉ. सैयद कासिम रसूल इलियास ने बताया कि बोर्ड ने वक्फ बचाओ आंदोलन के तहत सार्वजनिक सभाओं, धरनों और रैलियों की नई रूपरेखा तैयार कर ली है।
बिहार रहेगा आंदोलन का केंद्र
उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बोर्ड का मुख्य फोकस बिहार पर रहेगा। बिहार, ओडिशा और झारखंड की इमारत-ए-शरिया को इन कार्यक्रमों के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। पटना, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, बेगूसराय, सहरसा, मधुबनी, सिवान और दरभंगा जैसे शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देशभर में होंगे जनसभाएं
डॉ. इलियास ने बताया कि तेलंगाना के हैदराबाद में 22 मई को महिलाओं के लिए विशेष जनसभा होगी, जबकि निजामाबाद में 30 मई को आमसभा का आयोजन होगा। महाराष्ट्र के जलगांव में 23 मई, नांदेड़ में 24 मई और औरंगाबाद में 25 मई को जनसभाएं निर्धारित हैं।
इसके अलावा केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बड़े पैमाने पर कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
सरकारी भ्रम दूर करने का प्रयास
बोर्ड का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार द्वारा वक्फ संपत्तियों को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम को दूर किया जाएगा और लोगों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा।
