वीजा खत्म, फिर भी हरियाणा में रह रहे थे 15 पाकिस्तानी; बोले- पाकिस्तान भेजा तो करेंगे प्रताड़ना

हिसार। सात महीने पहले वीजा समाप्त होने के बावजूद एक पाकिस्तानी हिंदू परिवार बालसमंद गांव में रह रहा था। परिवार का मुखिया सोबो और उनकी पत्नी रुकमान पाकिस्तान के सिंध प्रांत के हैदराबाद से जून 2024 में 45 दिन के टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे। दिल्ली पहुँचने के बाद वे एक परिचित की मदद से बालसमंद पहुंचे और वहीं रहने लगे। परिवार में कुल 15 सदस्य हैं, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
वीजा समाप्त, फिर भी रह रहे थे बालसमंद में
परिवार का टूरिस्ट वीजा 25 अगस्त 2024 को समाप्त हो गया था, लेकिन वे बालसमंद में एक निजी अस्पताल के कमरे में रहकर मजदूरी कर रहे थे। वीजा खत्म होने के बावजूद हिसार सदर थाना पुलिस उनकी निगरानी में थी। परिवार ने भारत में रहने के लिए लॉन्ग टर्म वीजा (LTV) के लिए आवेदन भी किया था।
आतंकी हमले के बाद कड़ा एक्शन
हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार के निर्देशों पर पाकिस्तान से आए नागरिकों को भारत छोड़ने के आदेश दिए गए। इसी क्रम में इस परिवार को भी दिल्ली स्थित पाकिस्तानी कैंप भेज दिया गया। परिवार ने भारत में ही रहने की गुहार लगाई थी, उनका कहना था कि पाकिस्तान में उन्हें प्रताड़ना झेलनी पड़ी थी और वे वापस नहीं जाना चाहते।
परिचित की मदद से बालसमंद पहुंचे थे
दिल्ली में आने के बाद परिवार का संपर्क राजस्थान और दिल्ली में रह रहे अपने कुछ परिचितों से हुआ। शमशेर नामक परिचित ने बालसमंद आने में मदद की थी, जहां परिवार ने रहना स्वीकार किया और एक सप्ताह की अनुमति लेकर वहां पहुंच गया। परिवार ने जमीन की देखरेख करते हुए मजदूरी कर गुजर-बसर किया।
अब प्रशासन के आदेशानुसार परिवार को दिल्ली के पाकिस्तानी कैंप भेज दिया गया है, जहां से उनके भविष्य के फैसले लिए जाएंगे।
