Breaking NewsNagpur

नागपुर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना, किसी से मदद न मिलने पर पत्नी का शव बाइक से बांधकर ले गया पति

नागपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति अपनी पत्नी का शव बाइक से बांधकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। यह घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में पत्नी की मौत हो गई और मौके पर मौजूद किसी ने भी मदद नहीं की।

मृतका का नाम ग्यारसी अमित यादव और पति का नाम अमित यादव है। दोनों मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिवनी के रहने वाले थे, लेकिन पिछले 10 वर्षों से नागपुर के पास लोणारा में रह रहे थे। घटना वाले दिन, राखी के अवसर पर दोनों मोटरसाइकिल से लोणारा से देवलापार होते हुए करणपुर जा रहे थे।

जब वे देवलापार पुलिस थाना क्षेत्र के मोरफाटा इलाके में पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ग्यारसी नीचे गिर गईं और बगल से गुजर रहे ट्रक के पहियों के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा दिन में करीब साढ़े तीन बजे हुआ।

हादसे के बाद पति अमित ने राहगीरों और वाहनों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने भी रुककर सहायता नहीं की। मजबूर होकर उन्होंने पत्नी का शव बाइक से बांधा और मध्य प्रदेश स्थित अपने घर ले जाने का निर्णय लिया। शव को बाइक से ले जाते समय कई लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह रुकने को तैयार नहीं हुए।

बाद में हाईवे पुलिस को सूचना मिलने पर उन्होंने अमित को रोका और ग्यारसी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागपुर के मेयो अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button