Breaking NewsMaharashtra

महाराष्ट्र में गर्मी और उमस से मिलेगी राहत, मानसून दोबारा सक्रिय — 23 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी

महाराष्ट्र में तपती गर्मी और उमस से बेहाल लोगों के लिए राहत की खबर आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि राज्य में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और आने वाले दिनों में कई जिलों में बारिश का दौर शुरू होने वाला है।

मुंबई, ठाणे, पालघर समेत तटीय इलाकों में गरज के साथ तेज बारिश की संभावना है, जबकि मराठवाड़ा और विदर्भ में भी आसमान बादलों से ढक गया है। मौसम विभाग ने 23 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज हवाओं, बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।

किन जिलों में अलर्ट

पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, पुणे, सातारा, कोल्हापुर, बीड़, लातूर, नांदेड़, धाराशिव, परभणी, हिंगोली, चंद्रपुर, गड़चिरोली, नागपुर, भंडारा, यवतमाल, अमरावती और वर्धा जिलों में येलो अलर्ट लागू है। किसानों को फसलों को नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

नागपुर और विदर्भ में बरसेंगे बादल

नागपुर में पिछले कई दिनों की उमस और सूखे के बाद गुरुवार को हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को राहत मिली। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और मौसम विभाग ने तेज बारिश की संभावना जताई है। विदर्भ के अन्य जिलों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं।

चंद्रपुर में 10 दिन बाद खुशियों की बारिश

चंद्रपुर जिले में 10 दिनों के लंबे इंतजार के बाद बुधवार से बारिश शुरू हुई है। मूल तहसील में धान की खेती बड़े पैमाने पर होती है, लेकिन पानी की कमी से रोपाई का काम रुक गया था। भीषण गर्मी के कारण किसानों में फसल सूखने की आशंका बढ़ रही थी। गुरुवार दोपहर को गरज-बरस के साथ हुई बारिश ने किसानों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी है।

मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में मानसून की सक्रियता बढ़ेगी और राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश होगी, जिससे न सिर्फ गर्मी से राहत मिलेगी बल्कि खेती-किसानी को भी नया जीवन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button