सुलतानपुर ग्राम पंचायत में सरपंच के मनमानी कारभार के खिलाफ विरोध, मासिक सभा का बहिष्कार – 9 सदस्यों ने जताया असंतोष
लोणार प्रतिनिधि – फिरदोस खान पठान

लोणार बुलढाणा जिले के सुलतानपुर ग्राम पंचायत में सरपंच किरण लाहोटी के मनमानी कार्यशैली को लेकर पंचायत सदस्यों में भारी नाराजगी देखी गई। इसी क्रम में 30 जून को आयोजित मासिक सभा में 9 ग्राम पंचायत सदस्यों ने खुलकर विरोध दर्ज कराते हुए सभा का बहिष्कार कर दिया, जबकि सरपंच के समर्थन में 8 सदस्य खड़े रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरपंच सौ. किरण लाहोटी ने ढाई वर्ष पहले पदभार संभाला था, लेकिन तब से उनका कार्यशैली मनमानी और तानाशाहीपूर्ण बताई जा रही है। ग्राम पंचायत के कई सदस्यों ने समय-समय पर इस संबंध में शिकायतें कीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते 30 जून की मासिक सभा में 9 सदस्यों ने सरकार के परिपत्रक को छोड़कर प्रस्तुत अन्य प्रस्तावों को बहुमत से अस्वीकार करते हुए सभा का विरोध किया।
सभा में उपस्थित आठ सदस्यों ने सरपंच के पक्ष में सहमति दर्शाई, जिससे ग्राम पंचायत दो गुटों में बंटती नजर आई। विरोध करने वाले सदस्यों का आरोप है कि सरपंच और सचिव दोनों मनमानी करते हैं और पारदर्शिता का पूर्ण अभाव है।
सभा में एक अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसमें ग्रामसेवक गजानन कावरखे का तबादला करने की मांग को मंजूरी दी गई।
ग्राम पंचायत सदस्य संघपाल पनाड ने कहा, “सरपंच और सचिव की मनमानी से हम सभी त्रस्त हो गए हैं, इसलिए हमने मासिक सभा का बहुमत से विरोध किया।”
अब देखना यह होगा कि ग्राम पंचायत सदस्य आने वाले समय में सरपंच के खिलाफ क्या रुख अपनाते हैं। इस घटनाक्रम को लेकर गांव में चर्चा का माहौल गर्म है और नागरिकों में उत्सुकता बनी हुई है।
