औरंगाबाद: डकैती की तैयारी में जुटी गैंग पर पुलिस का धावा, 2 गिरफ्तार , बाकी फरार, हथियार और सामान बरामद

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
औरंगाबाद जिले में डकैती की योजना बना रही एक गैंग पर स्थानीय अपराध शाखा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने पीछा कर 2 आरोपियों को धरदबोचा, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर 4 आरोपी फरार हो गए। यह कार्रवाई शुक्रवार, 12 सितंबर की रात को की गई, जिसकी जानकारी स्थानीय अपराध शाखा के निरीक्षक विजयसिंह राजपूत ने शनिवार, 13 सितंबर को दी। इस दौरान पुलिस ने एक कार और डकैती के लिए इस्तेमाल होने वाले हथियार व सामान जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अमोल साईराम गायकवाड (27 वर्ष) और गोविंद निवृत्ती पवार (20 वर्ष), दोनों निवासी बेलगाव, तहसील वैजापूर शामिल हैं। फरार आरोपियों में लक्ष्मण उर्फ लखन नामदेव जगताप और विक्रम उर्फ विकी बाळासाहेब बोरगे, दोनों निवासी भगगाव, तहसील वैजापूर के नाम सामने आए हैं, साथ ही उनके दो अन्य साथी भी फरार बताए जा रहे हैं।
नागपुर-मुंबई हाईवे पर बेलगाव शिवार स्थित एक ढाबे के पास खड़ी कार में छह लोगों के डकैती की तैयारी करने की सूचना पुलिस को मिली थी। इस आधार पर पुलिस ने छापा मारकर दो को पकड़ लिया, जबकि चार लोग भागने में सफल हो गए।
कार की तलाशी में पुलिस ने एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, नायलॉन की रस्सी, वायर कटर, टिन कटर, हथौड़ी, छेनी, लोहे की पकड़, लोहे की रॉड, चाकू, सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाने के लिए काला स्प्रे पेंट, चेहरे पर लगाने वाले मास्क, मिर्च पाउडर, एंबर लाइट, सायरन, पुलिस लाठी और दो मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 59 हजार 450 रुपये का माल बरामद किया।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक डॉ. विनयकुमार राठोड़ और अपर अधीक्षक अन्नपूर्णा सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक विजयसिंह राजपूत, उपनिरीक्षक महेश घुगे, पुलिस अमलदार श्रीमंत भालेराव, सचिन राठोड़, बलविरसिंग बहुरे और शिवाजी मगर की टीम ने अंजाम दिया।
