Breaking NewsTelangana

तेलंगाना केमिकल फैक्ट्री हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 34, दो दर्जन से अधिक घायल

तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 34 मजदूरों की जान चली गई और 2 दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब हैदराबाद के पास पाशमैलारम औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक दवा निर्माण फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना भयंकर था कि सिगाची केमिकल्स परिसर में आग फैल गई और फैक्ट्री की इमारत पूरी तरह ढह गई।

बताया जा रहा है कि धमाके के वक्त बड़ी संख्या में मजदूर रिएक्टर के पास काम कर रहे थे। मृतकों में कई प्रवासी मजदूर शामिल हैं, जो ओडिशा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से रोज़गार के लिए यहां आए थे। आग की लपटें पास की इमारतों तक पहुंच गईं और आसपास के कारखानों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी जान बचाकर परिसर से भागते नजर आए।

घटना पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा दुख जताया और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन दल ने राहत और बचाव कार्य को अंजाम दिया। आग पर कई घंटों की मशक्कत के बाद काबू पाया गया। घटनास्थल पर जांच जारी है और विस्फोट के कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है।

यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है और मृतकों के परिवारों के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button