Breaking NewsCrime NewsVidharbh

पति की हत्या कर जंगल में जलाया शव: यवतमाल में महिला हेडमास्टर की सनसनीखेज करतूत, 3 छात्रों से कराई मदद

यवतमाल: जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। शहर के पास चौसाळा जंगल में 15 मई को मिले जले हुए शव की गुत्थी जब सुलझी तो सामने आया कि यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी और स्कूल की ही हेडमास्टर ने की थी। हैरानी की बात यह है कि इस अपराध में उसने अपने ही तीन नाबालिग छात्रों को भी शामिल कर लिया।

मृतक की पहचान सनराइज इंग्लिश मीडियम स्कूल के शिक्षक शांतनु देशमुख के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि उनकी पत्नी निधि देशमुख, जो उसी स्कूल की मुख्याध्यपिका हैं, ने ही हत्या की साजिश रची थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था और इसी कारणवश निधि ने शांतनु को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।

पुलिस के मुताबिक, 13 मई को निधि ने शांतनु को जहर देकर मार डाला और फिर अपने ट्यूशन में पढ़ने वाले तीन नाबालिग छात्रों की मदद से शव को रात में चौसाळा जंगल में फेंक दिया। अगले दिन पहचान छुपाने के लिए वह दोबारा जंगल गई और पेट्रोल डालकर शव को जलाने की कोशिश की।

लेकिन पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच ने जल्द ही इस जघन्य हत्या की परतें खोल दीं। शव पर मिले शर्ट और बटन के टुकड़ों, तथा अंडरवियर के ब्रांड से पुलिस को अहम सुराग मिले। पूछताछ में जब निधि पर दबाव बनाया गया, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने निधि देशमुख और तीनों नाबालिग छात्रों को हिरासत में ले लिया है। सभी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या), 201 (सबूत मिटाना), और 120बी (आपराधिक साजिश) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button