इराक के अल-कुट शहर में शॉपिंग मॉल में भीषण आग, 50 लोगों की जलकर मौत — देशभर में तीन दिन का शोक

इराक के वासित प्रांत के अल-कुट शहर में एक शॉपिंग मॉल में भीषण आग लगने से कम से कम 50 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा एक हाइपरमार्केट और रेस्टोरेंट में उस वक्त हुआ, जब मॉल में काफी भीड़ मौजूद थी। घटना से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें पांच मंजिला इमारत धधकती लपटों में घिरी दिखाई दे रही है और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
वासित प्रांत के गवर्नर मोहम्मद अल-मायाही ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि मॉल के अधिकांश हिस्से में फैल गई। हादसे के समय लोग खाना खा रहे थे और खरीदारी कर रहे थे। दमकलकर्मियों ने कई लोगों को रेस्क्यू किया, लेकिन आग की भयावहता के कारण बड़ी संख्या में लोग जिंदा जल गए।
गंभीरता को देखते हुए पूरे देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों व मृतकों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बताया गया है कि अस्पताल में जगह की कमी हो गई है।
गवर्नर अल-मायाही ने बताया कि मॉल और इमारत के मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। INA समाचार एजेंसी के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच चल रही है और इसके प्रारंभिक निष्कर्ष अगले 48 घंटों में सार्वजनिक किए जाएंगे।
यह मॉल सिर्फ 5 दिन पहले ही जनता के लिए खोला गया था। शुरुआती जांच में पता चला है कि आग सबसे पहले इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी, जो देखते ही देखते पूरे मॉल में फैल गई।
गौरतलब है कि इससे पहले 2023 में इराक में एक शादी समारोह के दौरान भी ऐसा ही भयानक हादसा हुआ था, जिसमें 100 लोगों की मौत और 150 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
इराक में हाल के वर्षों में सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठते रहे हैं, और यह ताज़ा घटना फिर एक बार प्रशासन की तैयारियों और जवाबदेही पर सवाल खड़ा करती है।
