फीस का दबाव या साजिश? नांदेड़ में मेडिकल छात्रा की मौत से उठे कई सवाल

नांदेड़/प्रतिनिधि
महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मेडिकल की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने कथित रूप से मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या कर ली। इस मामले में छात्रा के परिवार की शिकायत के आधार पर हॉस्टल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मृत छात्रा की पहचान आकांक्षा गायकवाड़ (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नांदेड़ के हडको (HUDCO) क्षेत्र में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि छात्रा अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल की बकाया फीस भरने के लिए बार-बार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान थी। परिवार का कहना है कि इसी मानसिक तनाव और दबाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
इस मामले में हॉस्टल संचालक और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव जीवन घोगरे के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और एट्रोसिटी एक्ट के तहत नांदेड़ ग्रामीण पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
घटना के बाद शहर में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
