पैगंबर और पाकिस्तान पर बयान से मचा बवाल, वारिस पठान ने गृह मंत्री से की सख्त कार्रवाई की अपील

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में एक लड़की पाकिस्तान के खिलाफ तीखी टिप्पणी करते हुए मुस्लिम समुदाय को भी निशाने पर लेती दिख रही है। वीडियो को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) नेता वारिस पठान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और केंद्रीय गृह मंत्री से इस पर संज्ञान लेने की मांग की है।
वारिस पठान ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “ये है @Sharmishta__19. इसने जो भी बेहूदा अल्फाज इस्तेमाल किए हैं, कोई भी मुसलमान बर्दाश्त नहीं करेगा। जब पूरा देश एक साथ मिलकर खड़ा है, इस वक्त इस तरह की भाषा बोलकर ये देश में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश कर रही है। हमारी भारत के गृह मंत्री से गुजारिश है कि इसे फौरन हिरासत में लेकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।”
वीडियो में क्या कहा गया है?
वायरल वीडियो में लड़की एक अन्य सोशल मीडिया यूजर की टिप्पणी का जवाब देते हुए कहती है, “इन मोहतरमा को लगता है कि भारत ने पहले ही ओपन फायर कर दिया बिना किसी कारण। दीदी, आप पागल-वागल हैं क्या? पहलगाम अटैक का नाम सुना है? उससे पहले बाकी अटैक्स के नाम सुने हैं आपने? कब से तबाही मचा रहा है पाकिस्तान तो क्या भारत कुछ न करे? हम हाथ पर हाथ धरे नहीं बैठ सकते। हम महात्मा गांधी के भक्त नहीं हैं अब।”
इसके अलावा वीडियो में लड़की पैगंबर मुहम्मद और हूरों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करती है, जिसे लेकर मुस्लिम समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है। वारिस पठान ने इस बयान को न केवल ‘बेहूदा’ बताया बल्कि इसे समाज में नफरत फैलाने वाला भी करार दिया है।
सोशल मीडिया पर बंटा नजरिया
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है। कुछ लोग लड़की की बातों का समर्थन कर रहे हैं, तो कई लोग इसे बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ बता रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे सांप्रदायिक सौहार्द के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
AIMIM नेता का कहना है कि इस मामले को केवल सोशल मीडिया बयानबाजी समझकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इसके लिए कड़ी कानूनी कार्यवाही होनी चाहिए ताकि ऐसे प्रयासों पर लगाम लगाई जा सके।
