Breaking NewsUttar Pradesh

गंगा में नहाते समय तीन दोस्तों की डूबकर मौत, चार घंटे की मशक्कत के बाद मिले शव

कानपुर:  कैंट थाना क्षेत्र के मैस्कर घाट पर रविवार दोपहर गंगा में नहाने गए छह दोस्तों में से तीन की डूबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब एक दोस्त डूबने लगा और उसे बचाने के प्रयास में दो अन्य भी गहराई में समा गए। चार घंटे की तलाश के बाद गोताखोरों ने तीनों के शव बाहर निकाले।

जूही के परमपुरवा निवासी नंदू गुप्ता (19), साहिल अंसारी (16), अंकुर रावत (17), कुनाल रावत, गोलू गुप्ता और सोनू अंसारी रविवार को मैस्कर घाट पहुंचे थे। नंदू, अंकुर और साहिल गंगा में नहाने उतरे, जबकि बाकी तीन घाट पर बैठे थे। नहाते वक्त अचानक अंकुर गहराई में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने में नंदू और साहिल भी पानी में डूब गए।

घाट पर मौजूद तीन दोस्तों ने शोर मचाया, जिससे आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए। तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद अंकुर, फिर साहिल और अंत में नंदू का शव पानी से निकाला गया।

कैंट इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राय ने बताया कि गंगा में नहाने के दौरान तीन युवकों की डूबने से मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, नंदू और साहिल वेल्डिंग का काम करते थे, जबकि अंकुर फर्नीचर का कारीगर था। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button