कैंसर पीड़ित व्यक्ति ने पत्नी को मारी गोली, फिर खुद भी कर ली खुदकुशी; सुसाइड नोट में लिखा- साथ जीने-मरने की खाई थी कसम

गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना सुबह करीब 11 बजे राधा कुंज कॉलोनी में हुई।
मृतक की पहचान कुलदीप त्यागी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मेरठ के बिजौली के रहने वाले थे और गाजियाबाद में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। कुलदीप अपने पिता चंद्र स्वरूप त्यागी (जो हाल ही में पुलिस विभाग से रिटायर हुए हैं), पत्नी अंशु त्यागी और दो बेटों के साथ रहते थे।
बेटों ने सुनाई दिल दहला देने वाली घटना
घटना के वक्त कुलदीप और उनकी पत्नी पहली मंजिल पर थे, जबकि दोनों बेटे ग्राउंड फ्लोर पर थे। अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर बच्चे ऊपर पहुंचे तो मां-बाप खून से लथपथ मिले। मां के माथे और पिता की कनपटी पर गोली लगी थी।
सुसाइड नोट में बयां किया दर्द
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें कुलदीप ने लिखा कि वह कैंसर से पीड़ित है और यह बात अपने परिवार को नहीं बताना चाहता था। इलाज में खर्च के बावजूद बचने की कोई उम्मीद न होने के कारण उसने यह कदम उठाया। उसने लिखा कि पत्नी के साथ जीने-मरने की कसम खाई थी, इसलिए उसे भी अपने साथ ले जा रहा है।
पुलिस ने बरामद की रिवाल्वर
डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि घटना स्थल से रिवाल्वर और सुसाइड नोट दोनों बरामद किए गए हैं। मामले की गहन जांच जारी है। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
यदि आप या आपका कोई जानने वाला मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो कृपया नजदीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें। आपकी जिंदगी कीमती है।
