Breaking NewsCrime NewsMumbai

सरकारी अधिकारी की हर महीने 40–50 लाख की ‘हराम की कमाई’, तंग आकर पत्नी ने लगा ली फांसी

मुंबई के समता नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (MHADA) में उप-निबंधक के पद पर कार्यरत बाबूराव शिवाजी कटरे पर पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का संगीन आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि वह हर महीने 40 से 50 लाख रुपये तक की काली कमाई करता था और इस अवैध आय को लेकर पत्नी लगातार विरोध करती थी।

जानकारी के अनुसार, बाबूराव की पत्नी रेनू कटरे ने लोखंडवाला स्थित रहेजा कॉम्प्लेक्स के फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद रेनू के भाई ने समता नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर IPC की धारा 306 और अन्य प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

FIR में कहा गया है कि बाबूराव कटरे अपनी अवैध कमाई को वैध बनाने के लिए रेनू के पिता पर दबाव बनाता था और जब वे मदद से इनकार करते तो रेनू के साथ मारपीट करता था। रेनू इस काली कमाई का हमेशा विरोध करती थी और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित रहती थी। रिपोर्ट के अनुसार, रेनू के पिता ने दबाव में आकर कई बार 15 से 20 लाख रुपये की मदद भी की।

रेनू के परिवार और बाबूराव कटरे के बीच एक अहम बातचीत पुणे में तय थी, लेकिन बाबूराव ने उस मुलाकात से इंकार कर दिया। इसी बात से आहत होकर रेनू ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

फिलहाल आरोपी बाबूराव कटरे फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मृतका के परिजनों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और कहा है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button