Breaking NewsBuldhanaCrime News

लोणार में नकली कृषि दवाओं का भंडाफोड़, Syngenta कंपनी के नाम पर किसानों से ठगी

लोणार/फिरदोस खान पठान

लोणार: किसानों की खेती पर सीधे असर डालने वाली नकली कृषि दवाओं की बिक्री का गंभीर मामला लोणार में सामने आया है। अरिहंत एग्रो कृषि सेवा केंद्र, लोणार में Syngenta कंपनी के नाम से नकली Isabion (1 लीटर) दवा बेचे जाने की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस और कृषि विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 29,008 रुपये का माल जब्त किया है। इस मामले में संबंधित दुकानदार के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 (संशोधित 1984 व 1994) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस प्रकरण में सतीश तानाजी पिसाल (उम्र 34), व्यवसाय – टू बडी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड, निवासी बीडी कामगार नगर, अमृतधाम, पंचवटी, नाशिक ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर सचिन सुभाषचंद्र बोरा (उम्र 47), निवासी जैन मंदिर परिसर, लोणार, तालुका लोणार के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, अरिहंत एग्रो कृषि सेवा केंद्र में Syngenta कंपनी की Isabion दवा नकली पैकेजिंग में बेची जा रही थी। सूचना के बाद पुलिस, सरकारी पंच और कृषि अधिकारियों के साथ उक्त दुकान पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान दुकान की रैक और पीछे की स्टोर रूम से Syngenta कंपनी के नाम की Isabion 1 लीटर की कुल 16 सीलबंद बोतलें बरामद हुईं। प्रति बोतल कीमत 1,813 रुपये के हिसाब से कुल 29,008 रुपये का माल जब्त किया गया।

जांच में बरामद बोतलें नकली पाई गईं। नकली बोतलों पर लगे लोगो का रंग हल्का हरा था, जबकि असली बोतल पर गहरे हरे रंग का लोगो होता है। इसके अलावा GTIN नंबर में “2” के स्थान पर “02”, सीरियल नंबर के फॉन्ट में अंतर और बोतल के ढक्कन के रंग में भी फर्क पाया गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इन नकली दवाओं की बिक्री से Syngenta कंपनी की छवि धूमिल हुई है, सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा है और किसानों को आर्थिक व कृषि संबंधी भारी नुकसान होने की आशंका पैदा हुई है। इस मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक धनंजय इंगळे को सौंपी गई है।

इस कार्रवाई से लोणार क्षेत्र में नकली कृषि दवा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे कृषि दवाएं खरीदते समय अधिक सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button