Breaking NewsCrime NewsJalna

जालना: मंठा तालुका में कुएँ में युवक का शव मिलने से सनसनी, गला घोंटकर हत्या का खुलासा

जालना/कादरी हुसैन 

जालना जिले के मंठा तालुका अंतर्गत मौजे पेवा गांव की ग्रामपंचायत की पानी की कुएँ में 5 फरवरी की शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गांव के कुछ नागरिकों को कुएँ में शव दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना मंठा पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही मंठा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार राठोड़ पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों की मदद से शव को कुएँ से बाहर निकाला गया और जांच की गई। प्रारंभिक जांच में मृतक की गला घोंटकर हत्या किए जाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को कुएँ में फेंकने की बात सामने आई।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान अथर्व गणेश लोखंडे (उम्र 20 वर्ष, निवासी मरकळ, तालुका खेड, जिला पुणे) के रूप में हुई है।

पैसों के विवाद में हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या से दो दिन पहले अथर्व लोखंडे अपने मित्र और वर्तमान में आरोपी किसन उर्फ कृष्णा राजाराम धोत्रे के पास पैसों के लेन-देन के सिलसिले में गया था। किसी मामूली विवाद के चलते दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद आरोपी किसन ने अथर्व को 10 लाख रुपये देने का झांसा देकर कार से मंठा तालुका के पेवा क्षेत्र में बुलाया।

वहां आरोपी ने अपने दो साथियों की मदद से रस्सी से गला घोंटकर अथर्व की हत्या कर दी। इसके बाद सबूत नष्ट करने के इरादे से मृतदेह को पेवा गांव की ग्रामपंचायत की पानी की कुएँ में फेंक दिया गया।

अगले दिन पानी की आपूर्ति से जुड़े कर्मचारियों और ग्रामीणों को कुएँ में पानी पर तैरता हुआ शव दिखाई दिया, जिससे पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मंठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। मृतक के शरीर पर सफेद रंग की टी-शर्ट थी, हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और पेट के पास पत्थर बांधा गया था, जिससे हत्या कर शव छिपाने की पुष्टि हुई।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
पेवा गांव के पुलिस पाटील की शिकायत पर 5 फरवरी 2026 को मंठा पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और मृतक की पहचान करने में सफलता हासिल की।

आगे की जांच में आरोपी किसन उर्फ कृष्णा राजाराम धोत्रे (उम्र 35 वर्ष, पेशा चालक, निवासी आडगांव तांडा, तालुका जिंतूर, जिला परभणी, वर्तमान निवासी कालजेवाड़ी, चांहोर्ली खुर्द, तालुका हवेली, जिला पुणे) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या और शव कुएँ में फेंकने की बात कबूल की।

इस मामले का एक अन्य आरोपी कर्नाटक राज्य में फरार हो गया था, जिसे मंठा पुलिस की टीम ने बाद में गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले की आगे की जांच फौजदार संतोष मालगे और पुलिस कर्मचारी संतोष बनकर कर रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जालना, अपर पुलिस अधीक्षक जालना और उपविभागीय पुलिस अधिकारी परतूर के मार्गदर्शन में की गई।

हालांकि, जालना जिले में बीते कुछ दिनों से अपराध की घटनाओं में बढ़ोतरी होने से नागरिकों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button