औरंगाबाद : 30 हजार की सुपारी देकर मां ने कराई बेटे की हत्या, डीएनए जांच से खुला सनसनीखेज राज

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
औरंगाबाद जिले के लासूर स्टेशन क्षेत्र में खून के रिश्ते को कलंकित करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बेटे की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर एक मां ने ही उसकी हत्या की साजिश रची और 30 हजार रुपये की सुपारी देकर उसका कत्ल करवा दिया। शहानवाजपुर इलाके की एक कुएं में मिले अज्ञात शव की गुत्थी शिल्लेगांव पुलिस ने सूझबूझ से सुलझाई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलसिंह सिंगल (निवासी टाकलीवाड़ी) और उसके मित्र गोरख शेकू आहिरे (निवासी एकभुर्जी वाघलगांव) के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
कुएं में मिला था संदिग्ध हालात में शव
पुलिस के अनुसार, 26 जनवरी को शहानवाजपुर शिवार स्थित एक कुएं में करीब 35 से 40 वर्ष के व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला था। शव को रस्सी से बांधकर सफेद प्लास्टिक में लपेटा गया था और उसे पानी में डुबोकर रखने के लिए उसमें पत्थर भरे गए थे। प्रारंभिक जांच में ही यह स्पष्ट हो गया था कि मामला हत्या का है, लेकिन मृतक की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी।
ऐसे रची गई खौफनाक साजिश
बताया गया कि मृतक अपनी मां को लगातार परेशान करता था। इससे तंग आकर मां ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला किया। उसने अपने दामाद कमलसिंह सिंगल और उसके दोस्त गोरख आहिरे की मदद ली। हत्या के लिए गोरख को 30 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को प्लास्टिक में लपेटकर वाघलगांव के पास शहानवाजपुर स्थित कुएं में फेंक दिया गया।
डीएनए जांच से हुआ खुलासा
शव की पहचान उसके पहने हुए पैंट के आधार पर करने की कोशिश की गई, लेकिन परिजनों ने शुरू में पहचान से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की मां का डीएनए सैंपल लेकर फॉरेंसिक लैब भेजा। जांच रिपोर्ट में डीएनए मैच होने के बाद मां का राज खुल गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस ने दामाद और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
