Breaking NewsJalna

जालना में अवैध गौण खनिज परिवहन पर आरटीओ की बड़ी कार्रवाई

47 वाहनों पर कार्रवाई, ₹9 लाख से अधिक जुर्माना वसूला; दो वाहन जब्त

जालना/कादरी हुसैन

जिले में अवैध गौण खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक विशेष जांच अभियान चलाया। 11 से 17 फरवरी 2026 के बीच चले इस अभियान में 47 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की गई और कुल ₹9,07,250/- का जुर्माना वसूल किया गया। दो वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी आशिमा मित्तल के निर्देश और उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी चंद्रमोहन चिंतल के मार्गदर्शन में उप प्रादेशिक परिवहन कार्यालय, जालना की वायुवेग टीम ने जिले के प्रमुख मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट चल रहे टिपर और बिना अनुमति रेत परिवहन करने वाले वाहन पकड़े गए। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों को जब्त कर एक को एसटी वर्कशॉप, जालना तथा दूसरे को टेंभुर्णी पुलिस स्टेशन में जमा कराया गया है।

संयुक्त कार्रवाई की चेतावनी

उप प्रादेशिक परिवहन अधिकारी चंद्रमोहन चिंतल ने कहा कि अवैध गौण खनिज परिवहन से शासन को राजस्व हानि के साथ-साथ पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग के संयुक्त समन्वय से ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

टीम की सक्रिय भागीदारी

विशेष अभियान में मोटर वाहन निरीक्षक भीमराव नागरे, अनिल कदम, निलेश अहिरे, शुभम मोटे, अक्षय पाटील, श्रीमती सोलुंके, राजपूत, अर्शान खान तथा चालक घुले, पारिस्कर, निळे, नावकीकर और देवकर ने सक्रिय भूमिका निभाई।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध रेत और अन्य गौण खनिज परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है। वहीं नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों ने इस अभियान का स्वागत किया है।

जिले में अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन की यह मुहिम आगे भी जारी रहने के संकेत दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button