Breaking NewsMumbaiPolitics

देश को बड़ा खतरा? प्रकाश आंबेडकर का विस्फोटक दावा – “फिर हो सकती है गोधरा जैसी घटना!”

मुंबई | प्रतिनिधि

मुंबई में आयोजित एक अहम पत्रकार परिषद में वंचित बहुजन आघाड़ी के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर ने देश की मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों को लेकर बड़ा और गंभीर बयान दिया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि देश में जिस तरह का माहौल तैयार किया जा रहा है, उससे भविष्य में ‘गोधरा’ जैसी घटना दोबारा हो सकती है।

आंबेडकर ने आरोप लगाया कि राजनीतिक फायदे के लिए समाज में सुनियोजित तरीके से ध्रुवीकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम तनाव को हवा देकर कुछ ताकतें अपने हित साधने की कोशिश कर रही हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द और भाईचारा खतरे में पड़ सकता है।

उन्होंने हालिया महापालिका चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि मुस्लिम प्रतिनिधित्व में कमी के बावजूद यह नैरेटिव फैलाया जा रहा है कि राजनीति एक ही समुदाय के हाथों में जा रही है। आंबेडकर ने इसे “भ्रम फैलाने की रणनीति” करार दिया और कहा कि इस तरह की बयानबाजी से समाज में अविश्वास और तनाव बढ़ता है।

प्रकाश आंबेडकर ने यह भी कहा कि देश के कई हिस्सों में वातावरण चिंताजनक बनता जा रहा है। यदि समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाई गई तो हालात गंभीर रूप ले सकते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से जिम्मेदार आचरण की अपील की।

अग्निवीर योजना को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। आंबेडकर ने कहा कि अग्निवीर जवानों को स्थायी सुरक्षा, पेंशन और अन्य लाभ मिलने चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उनकी पार्टी ने कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है और वे जवानों के अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।

पत्रकार परिषद के अंत में आंबेडकर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती आपसी विश्वास और समान प्रतिनिधित्व पर निर्भर करती है। यदि समाज को बांटने की राजनीति जारी रही तो देश की एकता और शांति को गंभीर खतरा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button