औरंगाबाद में ड्रग्स माफिया पर ‘बुलडोजर वार’ का अल्टीमेटम, 60 तस्करों के अवैध ठिकाने होंगे जमींदोज

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
शहर में अमली पदार्थों का रैकेट चलाने वाले तस्करों पर अब सीधा बुलडोजर एक्शन होने जा रहा है। पुलिस ने 60 रिकॉर्डेड अपराधियों की सूची नगर निगम प्रशासन को भेज दी है। सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही पुलिस बंदोबस्त में अवैध निर्माणों को गिराया जाएगा।
पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने बताया कि ड्रग्स नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए यह कड़ा कदम उठाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त रत्नाकर नवले और अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गजानन कल्याणकर के नेतृत्व में पिछले 20 दिनों में 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 13 लाख रुपये के अमली पदार्थ जब्त किए गए हैं।
ड्रग्स रैकेट का मुख्य सरगना शेख अशफाक शेख इसाक पटेल (रवींद्रनगर व शहाबाजार, चंपाचौक) फिलहाल फरार है। पुलिस ने उसके सगे भाई समेत 15 सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 46 नए तस्करों के नाम भी सामने आए हैं, जो अभी फरार हैं।
इन नामों पर गिर सकती है कार्रवाई
नगर निगम को भेजी गई सूची में जिन प्रमुख आरोपियों के नाम शामिल हैं, वे इस प्रकार हैं—
- शेख अशफाक शेख इसाक पटेल (रवींद्रनगर व शहाबाजार, चंपाचौक)
- ज्ञानेश्वर उर्फ माऊली मनोहर यादव (गल्ली क्र. 14, जयभवानीनगर)
- सय्यद फैजल उर्फ तेजा (किलेअर्क)
- अजय ठाकुर व रानी ठाकुर (सातारा गांव)
- अनिल अंबादास साळवे (सावित्रीनगर, चिकलठाणा)
- अरुण अंबादास माळवे (सावित्रीनगर, चिकलठाणा)
- आदिल बिन हमद बिन चाऊस (काचिवाड़ा, शहाबाजार)
- विश्वनाथ उर्फ कोल्ह्या पिंपळे (गल्ली क्र. 15, संजयनगर)
- विशाल छगन तामचीकर (नारेगांव)
सूची में सबसे अधिक नाम जिन्सी, सिटी चौक और नारेगांव क्षेत्र के बताए जा रहे हैं, जहां ड्रग्स नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका है।
आठ दिन में बुलडोजर एक्शन
कुल 70 अपराधियों की पहचान की गई है, जिनमें से 60 की संपत्तियों के संबंध में नगर निगम को औपचारिक पत्र भेजा गया है। उच्च न्यायालय के निर्देशों और नगर निगम की वैधानिक प्रक्रिया पूरी होते ही अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार ने स्पष्ट किया कि अब ड्रग्स माफिया को चारों ओर से घेर लिया गया है और शहर में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
