जालना में 3 लाख की ठगी का सनसनीखेज मामला, 25% मुनाफे का लालच देकर महिला से निवेश कराया

जालना | कादरी हुसैन
जालना जिले में व्यापार में साझेदारी और 25 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर 3 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। जाफराबाद तहसील अंतर्गत अंदरुनी किल्ला क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय गृहिणी परवीन बेगम अय्युब खान पठाण ने इस संबंध में जिलाधिकारी कार्यालय, जालना में विस्तृत लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, आरोपी तांबोली मोहम्मद सकलैन मो. मोइन (उम्र 30 वर्ष), निवासी रहिम नगर, रेलवे स्टेशन के पास, पुराने जालना, ने अगस्त 2023 में भंगार, वेस्टेज बारदाना और अन्य व्यापार में साझेदारी का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने शिकायतकर्ता को विधिवत भागीदार बनाने और मुनाफे में 25 प्रतिशत हिस्सा देने का आश्वासन दिया था।
बताया गया है कि 24 अगस्त 2023 को शिकायतकर्ता ने अपने भतीजे सुलतान अब्दुल सत्तार शेख की उपस्थिति में आरोपी को कुल 3 लाख रुपये दिए। इसमें से 1 लाख रुपये फोन-पे के माध्यम से और 2 लाख रुपये नकद राजाबाग शेरसवार दरगाह, पुराने जालना में सौंपे गए। फोन-पे से भेजी गई राशि कैनरा बैंक, जालना शाखा (पूर्व में सिंडिकेट बैंक) से ट्रांसफर की गई थी।
शिकायत में आरोप है कि रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी ने न तो उन्हें व्यापार में भागीदार बनाया और न ही किसी प्रकार का लाभांश दिया। बार-बार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। जब पीड़िता ने अपनी राशि वापस मांगी, तो आरोपी ने कथित रूप से बंद बैंक खाते के चेक दे दिए। साथ ही पुलिस या अन्य सरकारी कार्यालय में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने अपने आवेदन में कहा है कि एक महिला होने का फायदा उठाकर उनके साथ धोखाधड़ी, विश्वासघात और ठगी की गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी अन्य लोगों को भी इसी तरह का लालच देकर ठग सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से तत्काल आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह शिकायत जाफराबाद तहसील से संबंधित है, जिसकी आवक 25 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय, जालना में दर्ज की गई। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी मिली है।