AurangabadBreaking News

औरंगाबाद: राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा, 2 युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक

औरंगाबाद/प्रतिनिधि 

औरंगाबाद–सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शहर के समीप थापटी टांडा पुल के पास सोमवार सुबह करीब 11 बजे एक स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे भीषण सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में आकाश बाबासाहेब पांचंगे (25) और दीपक सुदाम काकड़े (25), दोनों निवासी औरंगाबाद, बुरी तरह जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को उपचार के लिए शासकीय घाटी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताते हुए गहन उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान दीपक काकड़े की देर रात मौत हो गई। वहीं आकाश पांचंगे ने आज तड़के दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन सीधे डिवाइडर से जा भिड़ा। हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर आगे की जांच शुरू की।

इस दर्दनाक घटना से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते हादसों को लेकर प्रशासन से ठोस सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button