जालना जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीज़ल का न्यूनतम आरक्षित भंडार रखने के आदेश

जालना/कादरी हुसैन
जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को पेट्रोल और डीज़ल का न्यूनतम आरक्षित भंडार हर समय उपलब्ध रखना अनिवार्य होगा। यह निर्देश जिला आपूर्ति अधिकारी सविता चौधर ने दिए हैं।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली और जीवनावश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु बनाए रखना अत्यंत आवश्यक होने के कारण ईंधन आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है। प्राकृतिक आपदाओं, हड़तालों, परिवहन संबंधी कठिनाइयों या अन्य किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में ईंधन की कमी न हो और नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े, इस उद्देश्य से पेट्रोल पंपों पर दैनिक बिक्री को ध्यान में रखते हुए न्यूनतम भंडार रखना अनिवार्य किया गया है।
साथ ही संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को स्टॉक का रिकॉर्ड अद्यतन रखने और निरीक्षण के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में शासकीय यंत्रणाओं को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन आपूर्ति करना आवश्यक रहेगा, ऐसा भी आदेश में स्पष्ट किया गया है। इन निर्देशों का पालन न करने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, यह जानकारी भी जिला आपूर्ति अधिकारी सविता चौधर ने दी है।
