हिंगणघाट–औरंगाबाद मार्ग पर लोणार होकर एकमात्र बस सेवा शुरू

लोणार/फिरदोस खान पठान
प्रवासी सेवा संघटना, लोणार की मांग पर राज्य परिवहन महामंडल द्वारा हिंगणघाट से औरंगाबाद मार्ग पर लोणार होते हुए नई बस सेवा शुरू की गई है। यह बस सेवा 9 मार्च 2026 (सोमवार) से यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू की गई है। लंबे समय से यात्रियों द्वारा की जा रही मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया।
नई बस सेवा हिंगणघाट से सुबह 7:45 बजे रवाना होगी और वर्धा, यवतमाल, दिग्रस, आर्णी, पुसद, अनसिंग, वाशिम, रिठद, रिसोड, भर, मोप, लोणी, लोणार, सुलतानपुर, बिबी, दुसरबीड, किंनगावराजा, सिंदखेडराजा, नाव्हा और जालना मार्ग से होकर रात 10:00 बजे सिडको (औरंगाबाद) पहुंचेगी।
इसके बाद दूसरे दिन सिडको (औरंगाबाद) बस स्थानक से सुबह 8:00 बजे यह बस हिंगणघाट के लिए रवाना होगी और रात 10:00 बजे हिंगणघाट पहुंचेगी।
लोणार, रिसोड और वाशिम इन तीनों शहरों से हिंगणघाट के लिए यह एकमात्र बस सेवा उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही असुविधा दूर होने की उम्मीद है।
यह बस सेवा शुरू किए जाने पर नितीन मैंद (महाव्यवस्थापक, परिवहन – मुंबई), श्रीकांत गभणे (प्रादेशिक व्यवस्थापक – नागपुर), भगवान जगणोर (विभाग नियंत्रक – वर्धा), स्वाती तांबे (विभागीय परिवहन अधिकारी – वर्धा) और गौतम शेंडे (आगार व्यवस्थापक – हिंगणघाट) का प्रवासी सेवा संघटना की ओर से आभार व्यक्त किया गया।
संघटना के अध्यक्ष उस्मान शेख, सचिव भागवत खरात और उपाध्यक्ष अशोक काटकर ने यात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, मरीजों, श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों से इस नई शुरू की गई बस सेवा का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।
