AurangabadBreaking News

औरंगाबाद : तेज रफ्तार कार का कहर, 19 वर्षीय चालक की टक्कर से युवक की मौत

औरंगाबाद/प्रतिनिधि 

समृद्धि महामार्ग के झाल्टा फाटा पर तेज रफ्तार वाहनों से चार लोगों की मौत की घटना अभी ताजा ही थी कि शहर में भी एक और दर्दनाक हादसा सामने आया। शहर में महज 19 वर्षीय तेज रफ्तार कार चालक ने एक रिक्शा चालक और एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में 33 वर्षीय बुधाराम डंगुराम बिष्णोई (मूल निवासी बालोतरा, राजस्थान) की मौत हो गई। यह दुर्घटना रविवार (8 मार्च) को जळगांव रोड पर हुई।

पुलिस ने लापरवाह कार चालक साहिल कैलास राऊत (19, निवासी बुलढाणा) को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने सोमवार को उसे हर्सूल कारागार भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार बुधाराम अपने भाई रमेश और अन्य रिश्तेदारों के साथ शहर में मिठाई और केटरिंग का व्यवसाय करते थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वह बाइक से हर्सूल की ओर जा रहे थे। जळगांव रोड पर सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण एक ही तरफ से यातायात शुरू था। इसी दौरान सिडको बस स्टैंड की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही साहिल की कार अनियंत्रित हो गई।

कार पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर बुधाराम की बाइक को टक्कर मारते हुए रिक्शा चालक जावेद शेख की रिक्शा से जा टकराई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान बुधाराम की मौत हो गई। रिक्शा चालक जावेद शेख का इलाज जारी है।

हादसे के बाद भी साहिल ने कार लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। उपनिरीक्षक अनिल नाणेकर ने उसे गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि बुलढाणा का रहने वाला साहिल अपने माता-पिता के साथ शहर में एक शादी समारोह में आया था। माता-पिता को कार्यक्रम स्थल पर छोड़कर वह अपने दोस्त से मिलने जा रहा था।

छह महीने में मां के बाद बेटे की भी मौत

6 मार्च को तेज रफ्तार कार की टक्कर से प्रशांत गणेश गलबे (निवासी पाथरी) नामक युवक की भी मौत हो गई। उस दिन प्रशांत अपने भाई के साथ बाइक से गोलवाडी फाटा से वाळुज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एमएच 48 – पी 5603 नंबर की तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रशांत का संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दोपहर 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। छह महीने पहले ही प्रशांत की मां का भी निधन हो गया था।

तेज रफ्तार कार से घायल 8 वर्षीय बच्ची मौत से जूझ रही

तेज रफ्तार कार चालकों की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है, जिसमें आठ वर्षीय बच्ची आरोही बाबासाहेब मदने (निवासी सोनगिरी, धाराशिव) जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

1 मार्च को बाबासाहेब अपनी मां के इलाज के लिए केशरनगरी स्थित अपने भाई के घर आए थे। 2 मार्च की सुबह करीब 10 बजे वह अपनी मां और बेटी आरोही के साथ बजाज अस्पताल जाने के लिए घर से निकले। घर से बाहर निकलकर कार की ओर जाते समय संकरी सड़क पर तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने आरोही को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे में आरोही गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके सिर में अंदरूनी रक्तस्राव हुआ है और शरीर में कई गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार उसकी जांघ की हड्डी भी टूट गई है। फिलहाल उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है। इस मामले में सातारा पुलिस ने 8 मार्च को एमएच 20 – एचएच 6141 नंबर की कार के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button